32वीं एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग का फाईनल कल
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 32वीं एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग का फाईनल मैच कल गत वर्ष की विजेता टीम लारसन क्लब, चाईबासा और यंग झारखंड क्रिकेट क्लब, चाईबासा के बीच पूर्वाह्न 10:00 बजे से खेला जाएगा।


ज्ञातव्य हो कि ए-डिवीजन में कुल छः टीमों को रखा गया है जिसके सारे लीग ओपन लीग आधार पर खेले जाते हैं। लीग मैच की समाप्ति के बाद अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहनेवाली दो टीमों के बीच फाईनल मुकाबला खेला जाता है। फाईनल में खेलने वाली दोनों टीमों में यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब अपने पाँच लीग मैच में चार मैच जीत कर सोलह अंको के साथ पहले स्थान पर रही वहीं लारसन क्लब चाईबासा एवं सेरसा चक्रधरपुर की टीम पाँच मैच में तीन मैच जीतकर बारह अंकों के साथ बराबरी पर रही परन्तु बेहतर रन रेट के कारण लारसन क्लब को फाईनल मैच खेलने का अवसर प्राप्त हुआ है।
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि झारखण्ड पुरुष सीनीयर टीम द्वारा ईशान किशन की कप्तानी में जीते गए सैयद मुश्ताक अली ट्राफी को कल जे एस सी ए मुख्यालय जमशेदपुर से चाईबासा लाया जा रहा है जिसे खिलाड़ियों एवं क्रिकेट प्रेमियों के अवलोकन हेतु बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में रखा जाएगा।
महासचिव ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह में उक्त ट्राफी को खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु प्रदर्शित किया जाएगा। अपराह्न चार बजे से शुरू होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। इस अवसर पर जिले के उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा तथा सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

