Newsझारखण्ड

चाईबासा में स्व. सीताराम रुंगटा की 106वीं जयंती मनाई गई 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): रूंगटा हाउस, चाईबासा में एसआर रूंगटा ग्रुप के संस्थापक एवं प्रख्यात उद्योगपति-समाजसेवी स्वर्गीय सीताराम जी रुंगटा की 106वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके पुत्र तथा एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रबंध निदेशक मुकुंद रुंगटा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में समूह के अधिकारी-कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पुष्प अर्पण कर उन्हें स्मरण किया।

स्व. सीताराम जी रुंगटा का जन्म 27 दिसंबर 1920 को हुआ था तथा उनका निधन 17 अप्रैल 1994 को हुआ। उनके पिता स्व. मांगीलाल रुंगटा भी प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी थे। सीताराम रुंगटा की प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा कोलकाता में हुई। उन्होंने 1940 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से आईएससी तथा विद्यासागर कॉमर्स कॉलेज से बीकॉम की डिग्री प्राप्त की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने अपने पिता के व्यवसाय को आगे बढ़ाया।

रुंगटा ग्रुप का कार्यक्षेत्र आयरन ओर, मैंगनीज, क्रोमाइट, कायनाइट, ग्रेफाइट, लाइमस्टोन, डोलोमाइट और चीनी मिट्टी के खनन से जुड़ा रहा। स्व. सीताराम रुंगटा इलेक्ट्रो केमिकल्स ओडिशा लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भी रहे। उन्होंने इस्टर्न जोन माइनिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में संगठन को नई दिशा दी।

वे बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, बिहार इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, फेडरेशन ऑफ इंडियन मिनरल्स इंडस्ट्रीज सहित कई राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय संस्थाओं से जुड़े रहे। केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न समितियों में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।

स्व. सीताराम रुंगटा ने 1946 से 1950 तक चाईबासा नगरपालिका के उपाध्यक्ष तथा 1951 से 1989 तक लगभग 38 वर्षों तक नगरपालिका के चेयरमैन के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल में शहर में कई विकास कार्य हुए, जिनकी छाप आज भी देखी जा सकती है।

वे शिक्षा, धर्म और सामाजिक संस्थाओं से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे। आज उनके पुत्र नंदलाल रुंगटा एवं मुकुंद रुंगटा अपने दादा और पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *