Newsझारखण्ड

स्कूटी–बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, दो गांवों में शोक 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सिंहपोखरिया फाटक के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

मृतकों की पहचान 18 वर्षीय निसाल उनडील (गोप) और 18 वर्षीय शिवा बिरुली के रूप में की गई है। निसाल उनडील, पिता संजय उनडील, स्कूटी से बिंगतोपंग से अपने एक मित्र को घर छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिंहपोखरिया फाटक से करीब 100 से 150 मीटर आगे उनकी स्कूटी की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।

वहीं बाइक चला रहे शिवा बिरुली अपने ससुराल टेकराहातु से अपने घर बिंगतोपंग लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दोनों घायलों को सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल परिसर में परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दोनों मृतक कम उम्र के थे, जिससे उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *