धनबाद पुलिस ने 12 घंटे में बरामद किया चोरी हुआ नवजात
धनबाद: मां की उम्मीद पर खरा उतरते हुए धनबाद पुलिस ने महज 12 घंटे में चोरी हुए नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामला 27 दिसंबर की शाम का है, जब टुंडी के मुनियाडीह थाना क्षेत्र के भेलवे गांव निवासी शालिग्राम मरांडी की पत्नी सरिता मरांडी ने SNMMCH अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। गायनी वार्ड से नवजात चोरी हो गया। एक महिला नर्स के वेश में आई और बच्चे को जांच के बहाने अपने साथ ले गई।


परिजनों ने लगातार जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों ने भी हंगामा शुरू कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में महिला को नवजात ले जाते देखा गया।
पुलिस ने भूली इलाके से बच्चे को सकुशल बरामद किया। डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि कुछ महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि कहीं यह घटना किसी संगठित बच्चा चोर गिरोह से जुड़ी तो नहीं। बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और पूरे मामले का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।

