धनबाद–रांची–कोडरमा में ACB की एकसाथ कार्रवाई, टाटा मोटर्स शोरूम जांच के घेरे में
रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है। झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार देर शाम धनबाद, रांची और कोडरमा में एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीमों ने इन तीनों जिलों में संचालित टाटा मोटर्स के शोरूम पर छापेमारी की, जहां निवेश के स्रोत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।


ACB से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इन शोरूम में भारी मात्रा में पूंजी लगाई गई है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह धन कहां से आया और इसमें किन लोगों की भूमिका है। शोरूम की मालिक और डायरेक्टर स्निग्धा सिंह पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े आरोप हैं। एजेंसी का दावा है कि वे फिलहाल जांच एजेंसी की पकड़ से बाहर हैं।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान ACB को जरूरी कागजात और वित्तीय विवरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके चलते जांच का दायरा और विस्तृत किया गया है। इसी वजह से एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि इसी महीने ACB ने सस्पेंड IAS अधिकारी विनय चौबे से जुड़े मामलों में उनके नजदीकी लोगों और कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। मौजूदा कार्रवाई को उसी जांच की एक अहम कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल ACB की टीमें निवेश, लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल में जुटी हैं।

