LatestNewsNews postझारखण्ड

गिरिडीह में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार

गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 43/2025 दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तकनीकी जांच और निगरानी के बाद छापेमारी की गई। यह गिरोह गांडेय थाना क्षेत्र सहित देवघर जिले के अलग-अलग इलाकों से साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशबिंद अंसारी, आलमगीर अंसारी और मो. सरफराज अंसारी, सभी देवघर निवासी के रूप में हुई है।

छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, दस सिम कार्ड, दो मोटरसाइकिल, एटीएम कार्ड और कई पहचान पत्र बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर खुद को पेटीएम, फोनपे, मोबाइल और एसी सर्विस कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को ठगते थे। कार्ड अपडेट और लिंक डाउनलोड के बहाने खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या संदिग्ध लिंक से सावधान रहें और तुरंत साइबर सेल को सूचना दें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *