“नववर्ष 2026 पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं, बेहतर स्वास्थ्य सेवा का दिया भरोसा”
जमशेदपुर – नववर्ष 2026 के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने समस्त जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए नववर्ष की बधाई दी।


इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग 24 घंटे, सातों दिन कार्य कर रहा है।
डॉ. साहिर पाल ने कहा कि सभी चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी मिलकर पूर्वी सिंहभूम जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी जिलों की श्रेणी में शामिल करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बीते वर्ष की उपलब्धियों के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।
नववर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो सहित सदर अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नववर्ष को सेवा, संकल्प और सहयोग के साथ मनाने का संदेश दिया।


