NewsSportsझारखण्ड

सात दिवसीय विंटर ताइक्वांडो कैंप का समापन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सृजन शाखा की अध्यक्षा रुचि चौबे के संयोजन में बिरसा मुंडा ताइक्वांडो अकैडमी द्वारा आयोजित सात दिवसीय विंटर कैंप का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल उपस्थित रहीं।

समापन समारोह में जमशेदपुर स्थित झारखंड मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर से सुनील प्रसाद सहित उर्मिला गर्ग, विजय प्रताप, अनिमा प्रजापति, विरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, मनीष कुमार, विलियन जेम्स, अजय कुमार शाही, लालू कुजूर और शाहिद समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

अकैडमी के मुख्य संचालक एवं मुख्य कोच विजय प्रताप ने बताया कि इस विंटर कैंप में ताइक्वांडो की विभिन्न विधाओं की जानकारी खिलाड़ियों को दी गई। उन्होंने कहा कि कैंप का मुख्य उद्देश्य ताइक्वांडो के माध्यम से आत्मरक्षा यानी सेल्फ डिफेंस को बढ़ावा देना और स्कूल की छुट्टियों का सदुपयोग कर बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना था। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।

 

कार्यक्रम की संयोजिका रुचि चौबे ने कहा कि जिस उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया गया था, वह सफल होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे, ताकि छोटे बच्चे ताइक्वांडो जैसे खेल को समझें और सोशल मीडिया से दूर रहकर शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनें।

 

मुख्य अतिथि चंदा अग्रवाल ने कहा कि यह एक सराहनीय आयोजन है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखते हुए खेलकूद से जोड़ें, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

मुख्य कोच विजय प्रताप ने बताया कि ताइक्वांडो में तकनीकी रूप से कई बदलाव हो रहे हैं। पहले जो कार्य मैन्युअल तरीके से होते थे, अब वे मशीनों के माध्यम से किए जा रहे हैं। ऐसे में उभरते खिलाड़ियों को नई तकनीकों की जानकारी देना जरूरी है।

 

इस मौके पर “ब्लडमेन” के नाम से प्रसिद्ध लालू कुजूर ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल अपने परिवार के नहीं, बल्कि देश के बच्चे हैं। उनका आगे बढ़ना देश के आगे बढ़ने के समान है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन में रहकर नियमित अभ्यास करने और ऐसे आयोजनों का लाभ उठाने की अपील की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *