Newsझारखण्ड

सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के दौरान अज्ञात बुजुर्ग की मौत, शव की पहचान के लिए पुलिस ने की अपील 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा स्वास्थ्य केंद्र में लगभग 50 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग को तबीयत खराब होने के कारण भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बुजुर्ग को सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार संध्या उनकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी सूचना सदर थाना को दी गई। सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पुलिस ने आम सूचना जारी करते हुए बताया है कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में तीन दिनों तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस अवधि में किसी व्यक्ति को मृतक के बारे में कोई जानकारी मिलती है या कोई परिजन उसकी पहचान करता है, तो वे सदर थाना या पोस्टमार्टम हाउस से संपर्क कर सकते हैं।

 

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के आसपास कोई लगभग 50 वर्षीय बुजुर्ग लापता है, तो वे इस सूचना को गंभीरता से लें और संबंधित परिजनों तक जानकारी पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि शव का अंतिम संस्कार विधिवत किया जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *