Newsझारखण्ड

गोइलकेरा में हाथी का तांडव, पिता समेत दो मासूम बच्चों की मौत

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की देर रात एक खूंखार दंतैल हाथी ने एक परिवार पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में पिता और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुंदरा बाहदां, उनके पुत्र कोदमा बाहदां और पुत्री सामू बाहदां के रूप में हुई है।

 

घटना के दौरान परिवार की एक अन्य बच्ची जिंगीं बाहदां गंभीर रूप से घायल हो गई। हाथी के हमले में उसे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी राज्य ओडिशा के राउरकेला रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।

 

बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी पिछले कई दिनों से गोइलकेरा और आसपास के इलाकों में आतंक मचा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक हाथियों के हमले से कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 6 मौतें अकेले गोइलकेरा प्रखंड क्षेत्र में हुई हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

 

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में गहरी असुरक्षा और आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि रात के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से हाथियों के आतंक से स्थायी राहत दिलाने, सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *