BJPJamshedpurLatestNewsझारखण्डधर्मराजनीति

टुसू पर्व से पहले घाटों और मेला स्थलों की सफाई सुनिश्चित करे प्रशासन: सांसद विद्युत वरण महतो

जमशेदपुर/पूर्वी सिंहभूम।

झारखंड के आदिवासी एवं मूलवासी समाज के पारंपरिक और महत्वपूर्ण पर्व टुसू (मकर संक्रांति) के अवसर पर नदी घाटों और टुसू मेला स्थलों की साफ-सफाई एवं लाइटिंग व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

सांसद विद्युत वरण महतो ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखकर कहा है कि मकर संक्रांति के अवसर पर लाखों श्रद्धालु प्रातः स्नान एवं मेले में भाग लेने के लिए नदी घाटों और तालाबों पर पहुंचते हैं। आदिवासी और मूलवासी समाज पारंपरिक रूप से इस पर्व को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाता है। इस दिन श्रद्धालु नदी घाटों या ग्रामीण तालाबों में स्नान कर सूर्य देव को नमन करते हुए पर्व की शुरुआत करते हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि मकर संक्रांति का पर्व 12 जनवरी से प्रारंभ होता है, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोनारी, दोमुहानी, मुड़ीडीह, बारीडीह, मरीन ड्राइव, बागबेड़ा, बड़ौदा घाट सहित जिले के सभी नदी तटों एवं टुसू मेला स्थलों की 12 जनवरी से पूर्व समुचित साफ-सफाई कराना अत्यंत आवश्यक है।

सांसद ने इस अवसर पर साफ-सफाई के साथ-साथ लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने की भी मांग की है। इसके लिए उन्होंने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद, पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन तथा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।

सांसद के इस पहल से टुसू पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *