Newsझारखण्ड

अंधविश्वास छोड़ बीमार पड़ने पर चिकित्सक के पास जाएं: जोबा माझी  

 

 

मनोहरपुर में स्वास्थ्य मेला का हुआ आयोजन, सांसद जोबा माझी ने स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक

 

मनोहरपुर: मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को स्वास्थ्य मेला का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मेला में उपस्थित हुई। सांसद ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर मेला का उद्घाटन किया। इस मौके पर सांसद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर मनुष्य का सबसे अनमोल है। उन्होंने कहा मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र जंगल-पहाड़ों से घिरा होने के कारण यहां के लोगों में अंधविश्वास और जागरूकता की कमी है।

 

उन्होंने कहा बीमार पड़ने पर सबसे पहले चिकित्सक के पास जाएं, झाड़फूंक के चक्कर में कई बार विलंब हो जाता हैं और मरीज की स्थिति बिगड़ जाती है। स्थानीय लोगों की मांग पर सांसद ने छोटानागरा क्षेत्र के लिए एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। कहा कि अगर बेहतर तरीके से एम्बुलेंस का संचालन किया जाएगा तो जल्द एम्बुलेंस प्रदान करा दिया जाएगा। मौके पर सांसद ने सभी स्टॉल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

इससे पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार ने सांसद को शॉल ओढ़ाकर एवं पौधा देकर सम्मानित किया। स्वास्थ्य मेले में आये ग्रामीणों को विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच के बाद उचित परामर्श दिया गया। साथ ही आवश्यकता के अनुसार दवाई भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन यशवंत कटियार ने किया। कार्यक्रम में अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, उप प्रमुख दीपक एक्का, बंधना उरांव, मानुएल बेक, सीताराम गोप, मोहम्मद उमर, अजहर अली, स्वास्थ्य कर्मी समेत अन्य उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *