मनरेगा व आवास योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित ग्रामीण विकास शाखा के सभागार में आज उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा एवं आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न मानकों में प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।


बैठक में निदेशक लेखा प्रशासन सह स्वनियोजन सुनीला खालको, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी-मनरेगा, तकनीकी सहायक एवं सहायक अभियंता-मनरेगा तथा प्रखंड समन्वयक-आवास योजना उपस्थित थे।
समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त द्वारा सबसे पहले सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से उनके-अपने प्रखंड की भौगोलिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के साथ-साथ ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई।
बैठक में मनरेगा के अंतर्गत विभिन्न मानकों की समीक्षा की गई, जिसमें सक्रिय मनरेगा श्रमिकों का ई-केवाईसी, पुराने लंबित योजनाओं की स्थिति, मानव दिवस सृजन, प्रति ग्राम पांच योजनाओं का क्रियान्वयन, बिरसा सिंचाई कूप की पूर्णता, अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मनरेगा के तहत मानव दिवस उपलब्ध कराने की स्थिति शामिल रही।
इसके अलावा अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लंबित आवासों की पूर्णता की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं और कार्यक्रमों के सभी मानकों में तेजी लाने तथा प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

