कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ ब्राह्मण कुटुंग में श्री श्री सीधेश्वर महादेव मंदिर का वार्षिक उत्सव
राजनगर प्रखंड के एदल पंचायत अंतर्गत ब्राह्मण कुटुंग गांव में स्थित प्राचीन श्री श्री सीधेश्वर महादेव मंदिर का वार्षिक उत्सव शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भव्य रूप से आरंभ हुआ। उत्सव की शुरुआत 108 कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसने पूरे गांव को भक्तिमय बना दिया।


कलश यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं गाजे-बाजे के साथ सिर पर कलश लेकर गांव भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुँचीं। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत कलश स्थापना की गई और भगवान शिव की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
मौके पर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि ब्राह्मण कुटुंग में श्री सीधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की परंपरा वर्ष 1865 से चली आ रही है। कई वर्षों बाद यहां भव्य मंदिर का निर्माण किया गया। वहीं वर्ष 2024 में श्री श्री सीधेश्वर महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ की गई थी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिवर्ष मंदिर कमेटी एवं ग्रामीणों के सहयोग से यह वार्षिक उत्सव बड़े हर्षोल्लास और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

