एआईआरटीयू प्रतिनिधिमंडल ने चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों से की शिष्टाचार मुलाकात
चक्रधरपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): दक्षिण पूर्व रेलवे मंडल में ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन (AIRTU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया और सहायक मंडल रेल प्रबंधक विनय कुजूर से आज शनिवार को शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मंडल के अन्य पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की बधाई दी गई।


प्रतिनिधिमंडल द्वारा नववर्ष के अवसर पर डीआरएम को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। मुलाकात के दौरान रेलवे कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों पर सकारात्मक वातावरण में चर्चा हुई। यूनियन ने कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं और अधिकारों से जुड़े विषयों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन की ओर से बताया गया कि संगठन रेल कर्मियों के अधिकारों, सुविधाओं और हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। यूनियन ने भरोसा जताया कि रेलवे प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद से समस्याओं का समाधान निकलेगा और कार्य व्यवस्था में सुधार होगा।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में डिविजनल कोऑर्डिनेटर धनंजय सिंह, चाईबासा शाखा सचिव लालू कुजूर, दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के महासचिव सियाराम कुमार, अर्बन बैंक के डायरेक्टर निर्मल कुमार जाना और सागर कुंकल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आपसी सहयोग से बेहतर कार्य वातावरण बनाने पर जोर दिया।
रेल मंडल के अधिकारियों ने भी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और आपसी समन्वय से कार्य किया जाएगा।
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और दोनों पक्षों ने भविष्य में भी नियमित संवाद बनाए रखने की बात कही।

