रामगढ़ में प्रदूषण के खिलाफ उबाल, BFCL के विरोध में पदयात्रा सह धरना
रामगढ़।


बिहार फाउंड्री (BFCL) द्वारा लगातार फैलाए जा रहे प्रदूषण के खिलाफ बुधवार को प्रदूषण प्रभावित लोगों के आह्वान पर जोरदार विरोध दर्ज कराया गया। इस क्रम में वायरल क्रांतिकारी सुरेंद्र महतो के नेतृत्व में आयोजित पदयात्रा सह एक दिवसीय धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पदयात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए धरना स्थल सुभाष चौक, रामगढ़ पहुँची, जहां जनता की आवाज़ को बुलंद किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रामगढ़ शहर के बीचों-बीच स्थित बिहार फाउंड्री द्वारा फैलाया जा रहा प्रदूषण अब आम जनजीवन के लिए गंभीर संकट बन चुका है। फैक्ट्री से निकलने वाले जहरीले धुएँ और कचरे के कारण आसपास के ग्रामीणों व शहरवासियों को सांस लेने में परेशानी हो रही है, वहीं कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि आखिर मौन क्यों हैं। क्या जनस्वास्थ्य से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है? लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
धरना स्थल से चेतावनी दी गई कि यदि फैक्ट्री प्रबंधन ने शीघ्र प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाते हुए समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया, तो बाध्य होकर फैक्ट्री गेट जाम आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन की होगी।

