अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता: प्रताप क्रिकेट क्लब को हराकर सेरसा चक्रधरपुर क्वार्टर फाइनल में
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025–26 के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में गत वर्ष की उपविजेता टीम सेरसा चक्रधरपुर ने प्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा को 131 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।


यह मैच चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में खेला गया। टॉस प्रताप क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता और सेरसा चक्रधरपुर को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेरसा चक्रधरपुर की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए।
सेरसा की ओर से हिमांशु चौबे ने 67 रन, कमल गोप ने नाबाद 65 रन और हिमांशु शर्मा ने 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
अन्य बल्लेबाजों में डेविड सांगा ने 27 रन, अमरेंद्र सामंता ने 23 रन और रकीब राजा ने नाबाद 20 रन का योगदान दिया। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रतीक अग्रवाल ने 50 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि सुधांशु पाल, राज सिंह और रौशन कुमार को एक-एक विकेट मिला।
278 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 24 ओवर में 147 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से पंकज सिंह ने 36 रन, क्रिश अग्रवाल ने 33 रन और सुधांशु पाल ने 29 रन बनाए।
सेरसा चक्रधरपुर की ओर से गेंदबाजी में दीपक सरला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर चार विकेट हासिल किए। हिमांशु शर्मा और रकीब राजा को दो-दो विकेट मिले।
इस प्रतियोगिता के अगले मैच में नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा का मुकाबला लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर से होगा।

