चाईबासा में पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत चाईबासा पेयजल प्रमंडल द्वारा संचालित योजनाओं को लेकर समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।


बैठक में राज्य योजना, जल जीवन मिशन तथा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से संचालित वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति प्रतिवेदन का क्रमवार अवलोकन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने योजना वार संबंधित संवेदकों से कार्य की प्रगति, योजनाओं को पूर्ण करने में लगने वाले अनुमानित समय, पूर्ण हो चुकी योजनाओं की वर्तमान स्थिति तथा ओएनएम भुगतान से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पेयजल प्रमंडल चाईबासा को निर्देश दिया कि पूर्व में आयोजित बैठक में संवेदकों द्वारा तय समय-सीमा के बावजूद जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उन पर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं का संचालन अवधि समाप्त हो चुकी है अथवा जिनका हस्तांतरण ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को किया गया है, लेकिन समिति द्वारा संचालन एवं रखरखाव में असमर्थता जताई गई है, उनकी पृथक सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा ऐसी योजनाओं के आगामी तीन वर्षों के संचालन एवं संधारण हेतु आवश्यक व्यय का प्राक्कलन तैयार कराने को भी कहा गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चाईबासा विनोद कुमार सहित सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।

