टेकासाई विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्रों को दिलाई गई शपथ
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय टेकासाई में शुक्रवार को शपथ समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका संध्या लालिमा होरो के नेतृत्व में शिक्षक सुनील कुमार पासवान, कविता गागराई और राजा राय ने संयुक्त रूप से स्कूली बच्चों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई।


इस अवसर पर शिक्षकों ने बताया कि एनएफएचएस-5 सर्वे के अनुसार राज्य में बाल विवाह की दर अभी भी 32 प्रतिशत से अधिक है। राज्य के अधिकांश जिले राष्ट्रीय औसत से ऊपर हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत विद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
शपथ समारोह के दौरान बच्चों को जानकारी दी गई कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ कानूनन अपराध है। यह बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास में बाधा बनता है तथा उनके भविष्य और सपनों को प्रभावित करता है। बच्चों को यह भी बताया गया कि बाल विवाह को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि परिवार, पड़ोस और समुदाय में किसी भी बालिका का बाल विवाह न होने दिया जाए। यदि कहीं इस तरह की घटना की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना पंचायत और संबंधित सरकारी विभाग को दी जाएगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित हो सके तथा बाल विवाह मुक्त झारखंड के निर्माण में सहयोग किया जा सके।

