Newsझारखण्ड

आपदा प्रबंधन समिति की बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) शिवेंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर महेंद्र छोटन उरांव, भूमि सुधार उपसमाहर्ता चाईबासा जीतराय मुर्मू, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में आपदा प्रबंधन के तहत अतिवृष्टि के कुल 1413 मामले प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1331 मामलों में मुआवजा भुगतान के लिए अभिलेख संधारित किया जा चुका है। इसी तरह वज्रपात के 61 मामलों में से 56 मामलों में अभिलेख तैयार किया गया है।

 

आपदा के अंतर्गत सड़क दुर्घटना से संबंधित 124 मामलों में से 107 मामलों में मुआवजा भुगतान की अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा अग्निकांड से जुड़े कुल 9 मामलों में मुआवजा का भुगतान किया जा चुका है।

 

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में आपदा प्रबंधन से जुड़े कुल 179 एफआईआर दर्ज किए गए हैं। इनमें प्राप्त आवेदनों की संख्या 145 है, जिनमें से 128 आवेदनों के आधार पर नियमानुसार अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

 

उपायुक्त चंदन कुमार ने बैठक के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 60 मामलों की पुनः जांच इस माह के अंत तक कराई जाए, ताकि संबंधित परिवारों को अनुग्रह अनुदान की राशि समय पर उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही अंचलवार समीक्षा के दौरान अंचल स्तर पर लंबित अन्य मामलों का निष्पादन भी सप्ताह के अंत तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *