अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट: पश्चिमी सिंहभूम ने रामगढ़ को एक विकेट से हराया
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 में पश्चिमी सिंहभूम ने रोमांचक मुकाबले में रामगढ़ को एक विकेट से पराजित किया।


कोडरमा के चंदवारा स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रामगढ़ की टीम 46.3 ओवर में 224 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पश्चिमी सिंहभूम की ओर से सोहम मैती ने चार विकेट झटके, जबकि चंदन प्रसाद ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने 44.1 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। बल्लेबाजी में सोहम मैती ने 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं शिवम लाल विश्वकर्मा ने 29 रन, नीतीश कुमार ने नाबाद 28 रन, कप्तान जिशान अहमद ने 27 रन और सिद्धार्थ जयसवाल ने 23 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
मैच समाप्ति के बाद पश्चिमी सिंहभूम के सोहम मैती को उनके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 5000 रुपये प्रदान किए गए।

