भाजपा ने खोया एक समर्पित कार्यकर्ता: आदित्य प्रसाद साहु
भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप स्वर्णकार के असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहु ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक निष्ठावान, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।


नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिलीप स्वर्णकार का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने संगठन के लिए लंबे समय तक उनके योगदान को याद किया। शोक व्यक्त करने वालों में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
इधर, दिवंगत नेता की शव यात्रा के दौरान प्रदेश भाजपा कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने भाजपा का झंडा ओढ़ाकर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। इस अवसर पर प्रदेश और महानगर स्तर के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें याद किया और उनके योगदान को संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

