पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ दायर की मानहानि याचिका
गढ़वा में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ सिविल कोर्ट में मानहानि की याचिका दायर की है। अदालत ने पूर्व मंत्री की याचिका स्वीकार करते हुए जल्द नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। यह मामला विधायक द्वारा पूर्व मंत्री के पिता स्वर्गीय कौशल किशोर ठाकुर के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी से जुड़ा है।


मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि उनके पिता स्वतंत्रता संग्राम के सक्रिय सेनानी थे और उनके योगदान का अपमान करने वाली टिप्पणी उन्हें और उनके परिवार को व्यक्तिगत रूप से आहत करती है। पूर्व मंत्री ने कहा कि विधायक ने उनके पिता को “झूठा स्वतंत्रता सेनानी” कहकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इससे पहले भी मिथिलेश ठाकुर ने इसी मुद्दे पर विधायक को लीगल नोटिस भेजा था, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिलने पर अदालत का रुख करना पड़ा।
पूर्व मंत्री के अधिवक्ता परेश कुमार तिवारी ने बताया कि याचिका भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत दायर की गई है। अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी करने और विधिवत जवाब पेश करने का निर्देश दिया। यह दूसरी बार है जब इसी मामले में न्यायिक कार्रवाई हो रही है।
मामले की सुनवाई आगामी दिनों में होगी, और दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने के बाद न्यायालय फैसला सुनाएगा।

