चांडिल में अवैध शराब पर प्रशासन का प्रहार, चार महुआ भट्टियां ध्वस्त
चांडिल क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के स्पष्ट निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद क्षितिज मिंज के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल अंतर्गत विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।


अभियान के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र के भाडूडीह के समीप हमसदा टोला, जड़ियाडीह एवं खोखरोडीह गांव में संचालित कुल चार अवैध महुआ शराब भट्टियों पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई में लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत तरीके से विनष्ट कर दिया गया। वहीं भट्टियों से करीब 50 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मामले में संबंधित अवैध शराब अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए नियमित एवं औचक छापेमारी अभियान जारी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।


