गणेश पाट पिंगुवा पुनः मानकी-मुण्डा संघ के अध्यक्ष मनोनीत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मानकी-मुण्डा संघ, कोल्हान पोड़ाहाट (18 आंचल) के तत्वावधान में आयोजित पुनर्गठन समारोह में गणेश पाट पिंगुवा को एक बार फिर मानकी-मुण्डा संघ के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। समारोह में संघ के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की गई।


पुनर्गठन कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पारंपरिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समाज की समस्याओं को संगठित रूप से उठाने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर गणेश पाट पिंगुवा ने कहा कि मानकी-मुण्डा व्यवस्था आदिवासी समाज की परंपरागत पहचान है और इसके संरक्षण तथा सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने समाज के हित में संगठन को और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।
गणेश पाट पिंगुवा के पुनः अध्यक्ष मनोनीत होने पर देशाऊली फाउंडेशन परिवार की ओर से उन्हें और अन्य मनोनीत पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि उनके नेतृत्व में मानकी-मुण्डा संघ सामाजिक एकता, पारंपरिक मूल्यों और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएगा।
समारोह में विभिन्न आंचलों से आए प्रतिनिधियों ने भी नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

