यात्री ट्रेनों का परिचालन समय पर सुनिश्चित करें अधिकारी: जोबा माझी
रेलवे की ओर से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एके मिश्रा, चक्रधरपुर और रांची के डीआरएम सहित वरीय रेल अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने चक्रधरपुर रेल मंडल में यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही उपेक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में यात्री ट्रेनों को बार-बार रद्द किया जा रहा है और मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो उचित नहीं है। रेलवे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का सबसे बड़ा सहारा है, इसलिए यात्री ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय पर होना चाहिए।
सांसद ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल राजस्व देने में अग्रणी है, इसके बावजूद यहां यात्री सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। यदि जोन स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो रेल मंत्री से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में कई छोटे स्टेशन हैं, जहां गरीब तबके के लोग निर्भर हैं। यदि इन क्षेत्रों को रेल सुविधा से नहीं जोड़ा गया तो अमृत भारत स्टेशन और वंदे भारत ट्रेन का उद्देश्य पूरा नहीं होगा।

बैठक में उन्होंने सारंडा सवारी गाड़ी, टाटानगर-राउरकेला और टाटानगर-चक्रधरपुर के बीच पैसेंजर ट्रेनों के बार-बार रद्द होने का मुद्दा उठाया। साथ ही टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव सोनुवा और मनोहरपुर स्टेशन में देने, कलिंग उत्कल एक्सप्रेस और शालीमार एक्सप्रेस का ठहराव सोनुवा स्टेशन में देने सहित यात्री सुविधाओं से जुड़े कुल 36 मांगें रखीं।

