गांवों में खेलकूद से स्वस्थ मनोरंजन और सौहार्द की भावना को बढ़ावा मिलता है: जोबा माझी
गोइलकेरा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर गोइलकेरा प्रखंड के सुदूरवर्ती रायम गांव में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। इस खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नव युवक संघ रायम की ओर से किया गया था। प्रतियोगिता के समापन समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ सांसद जोबा माझी का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों और प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद का जीवन में विशेष महत्व है। गांवों में इस तरह के आयोजन से स्वस्थ मनोरंजन होता है और आपसी सहयोग, भाईचारे व सौहार्द की भावना मजबूत होती है।
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में सीनियर साइकिल रेस, बच्चों की दौड़, रस्सी कूद, मेंढक रेस, महिलाओं की बॉल पासिंग सहित कई रोचक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने उत्साह और दमखम के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सांसद जोबा माझी के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य शिवरतन नायक, रायम पंचायत के मुखिया सिकंदर जोंकों, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, वार्ड सदस्य हेलन मुंडारी, जेना बरजो, दानियल बरजो, रामनाथ बरजो, कांडे सिल्ली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नव युवक संघ रायम के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

