गोविंदपुर दयालबाग राधास्वामी सभा में धूमधाम से मना वसंतोत्सव
जमशेदपुर।


बसंत ऋतु के आगमन के उल्लास के बीच राधास्वामी सत्संग सभा, छोटा गोविंदपुर (दयालबाग) इकाई में वासंती महापर्व वसंतोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में राधास्वामी संप्रदाय के अनुयायी शामिल हुए।
सूर्योदय से पूर्व तड़के तीन बजे डीईआई सेंटर में ब्रांच सेक्रेट्री प्रेमी भाई कुणाल मेहता के मार्गदर्शन में सत्संगी भाई-बहन दयालबाग से जारी सीधे प्रसारण से जुड़े। मुख्य कार्यालय से निर्देशित सभी गतिविधियों को अनुयायियों ने उल्लासपूर्ण वातावरण में कर्मरूप दिया। इस दौरान सभी सत्संगियों ने खेतों की सेवा में सहयोग किया तथा शब्द पाठ का अलौकिक आनंद लिया।

विशेष बात यह रही कि गुरु हजूर प्रेम शरण सत्संगी जी स्वयं सेवा कार्य में सहभागी बने और “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” के संदेश को चरितार्थ किया। तड़के सवा तीन बजे ही सभी सत्संगियों को बसंत का टीका लगाया गया।
ब्रांच परिसर में प्रातःकाल छोटे बच्चों एवं नवयुवकों द्वारा शब्द पाठ किया गया। इसके पश्चात बच्चों ने शारीरिक दक्षता के लिए ड्रिल एवं लाठी-पीटी का आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
अपराह्न दो बजे वसंतोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा वाद्य यंत्रों के साथ मालिक के चरणों में वंदना से हुआ, जिसके बोल थे— “तेरे चरणों में प्यारे ऐ पिता, हमें ऐसा दृढ़ विश्वास हो…”।
दूसरी प्रस्तुति बसंत पर आधारित दोहा-चौपाई गीत “शुभ बसंत आया मनभावन…” रही।
तीसरी प्रस्तुति में नन्ही बच्चियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। नृत्य के गीत के बोल थे— “मेरे हृदय जगी है उमंग नई, आज आई बहार बसंत…”।
कार्यक्रम का समापन एक शानदार कव्वाली प्रस्तुति से हुआ, जिसके बोल थे— “तेरी चौखट पे हम सर झुकाए खड़े हैं…”। कार्यक्रम का संचालन प्रेमी भाई दीपक कुमार वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रेमी भाई कुणाल मेहता ने किया।
इसके पश्चात सभी सत्संगी पुनः दयालबाग के सीधे प्रसारण से जुड़े। सत्संग, प्रीति भोज और खेलकूद प्रतियोगिताओं के बाद पुरस्कार वितरण के साथ वसंतोत्सव का सफल समापन हुआ।
ब्रांच सेक्रेट्री प्रेमी भाई कुणाल मेहता ने आयोजन की सफलता पर सभी सत्संगियों को बधाई दी।

