राजनगर में रेनबो स्मार्ट स्कूल प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस
राजनगर :


भारतवर्ष के राष्ट्रीय महापर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजनगर स्थित रेनबो स्मार्ट स्कूल के प्रांगण में झंडारोहण कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
झंडारोहण के पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य साधन ज्योतिषी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि हम उन सभी महापुरुषों को शत-शत नमन करते हैं, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से देश के प्रति प्रेम और सम्मान रखने का आह्वान करते हुए कहा कि जब युवा पीढ़ी राष्ट्रभक्ति और अनुशासन को अपनाएगी, तभी भारतवर्ष पुनः विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को कठोर परिश्रम का संदेश देते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर समाजसेवी जागेश्वर महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्ण प्रधान, संजय महतो, सुष्मिता आचार्य, मीनू महतो, लक्ष्मी महतो, रमेश महतो सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


