गणतंत्र दिवस पर जामताड़ा में घटवाल आदिवासी महासभा की महा रैली, अधिकारों को लेकर सरकार को चेतावनी
जामताड़ा :


77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले में घटवाल आदिवासी महासभा द्वारा अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष दुबराज राय ने किया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। रैली की शुरुआत दुमका रोड स्थित पटोलिया धर्मशाला से हुई, जो इंदिरा चौक बाजार, सुभाष चौक और कोर्ट मोड़ होते हुए पुणे धर्मशाला पहुंची, जहां यह एक जनसभा में परिवर्तित हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार पर घटवाल समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाज को अब तक आदिवासी का संवैधानिक दर्जा नहीं मिल पाया है। जामताड़ा जिले में घटवाल समाज के लोगों का जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण समाज के बच्चे शिक्षा, छात्रवृत्ति और विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित हो रहे हैं।
जिला अध्यक्ष दुबराज राय ने कहा कि यह रैली सरकार के लिए अंतिम चेतावनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ही मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो समाज सड़कों से लेकर रेल मार्ग तक आंदोलन करने को मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होगी।
महासभा के नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस मौके पर महावीर राय, प्रथम राय, जागेश्वर राय समेत कई समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

