नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रेस ब्रीफिंग, चुनाव कार्यक्रम घोषित
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर मंगलवार को जिला समाहरणालय स्थित सभागार में प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। प्रेस ब्रीफिंग की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार ने की।


प्रेस ब्रीफिंग में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर परिषद चुनाव की घोषणा कर दी गई है। पश्चिम सिंहभूम जिले में दो नगर परिषद क्षेत्र चाईबासा और चक्रधरपुर शामिल हैं।
चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 21 वार्ड हैं, जहां 38 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 36,344 है। वहीं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 23 वार्ड हैं, जहां 49 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 45,265 है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 5 फरवरी 2026 को की जाएगी। उम्मीदवार 6 फरवरी 2026 को अपना नाम वापस ले सकेंगे। निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
आवश्यक होने पर मतदान 23 फरवरी 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा।
मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

