ईचा के रघुनाथ मंदिर में उमड़ा विदेशी श्रद्धा का संगम, फ्रांस से पहुंचे दर्शनाभिलाषी
राजनगर प्रखंड के कुजू पंचायत अंतर्गत ईचा गांव स्थित प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर में उस समय विशेष उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला, जब फ्रांस से आए कई विदेशी नागरिक मंदिर दर्शन हेतु पहुंचे। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति उनकी गहरी रुचि ने स्थानीय लोगों का मन मोह लिया।


मंदिर परिसर में विदेशी अतिथियों ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान रघुनाथ के दर्शन किए और मंदिर की ऐतिहासिक व धार्मिक महत्ता के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर सरायकेला की विश्वविख्यात छऊ नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से विदेशी नागरिकों का भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और छऊ नृत्य की मनमोहक अदाओं ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
फ्रांस से आए दर्शनाभिलाषियों ने झारखंड की समृद्ध संस्कृति, कला और धार्मिक परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की लोककला और आध्यात्मिक वातावरण उन्हें अत्यंत आकर्षित करता है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस अंतरराष्ट्रीय आगमन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
इस आयोजन ने न सिर्फ ईचा गांव बल्कि पूरे राजनगर प्रखंड को अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने का कार्य किया है।
मौके पर राजेश्वर सिंह देव,छौ नृत्य गुरु तपन पटनायक,बैधनाथ सिंह देव,जितेश सिंह देव,मलवीर सिंह,बासु सिंह देव,श्रवण सिंह देव,जयदीप सिंह देव,आदि कार्यक्रम में शामिल थे।


