LatestNewsNews postझारखण्ड

कुमारडुंगी में भाजपा की चाय पर चर्चा, संगठन मजबूती और जनकल्याण योजनाओं पर जोर

कुमारडुंगी(प्रकाश कुमार गुप्ता): भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने आज कुमारडुंगी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की। इस कार्यक्रम में नवनिर्वाचित सभी मंडल अध्यक्षों की भी उपस्थिति रही। 

 

बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में एकजुटता बनाए रखना और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याण योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार करना रहा।

 

मौके पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्र को समर्पित पार्टी है और आज यह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। पार्टी की कार्यशैली को पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन सबसे जरूरी है और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहकर काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की प्राथमिकता जनकल्याण योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि आम जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।

 

चर्चा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और नेतृत्व पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने का काम किया है। चाहे वह देश की सैन्य शक्ति को मजबूत करना हो, मेक इन इंडिया अभियान हो, कृषि क्षेत्र का विकास हो, खेलकूद को बढ़ावा देना हो या अन्य कोई क्षेत्र, हर जगह देश ने प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने चौमुखी विकास किया है और आज पूरी दुनिया भारत की बढ़ती ताकत को पहचान रही है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान बना चुका है और देश के प्रधानमंत्री को कई देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना इसी का प्रमाण है। इससे देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।

 

अंत में बड़कुंवर गागराई ने नवनिर्वाचित सभी मंडल अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं और उनसे अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और जनता से सीधे जुड़ने की जिम्मेदारी मंडल स्तर के पदाधिकारियों की होती है, इसलिए सभी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करना चाहिए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *