सरायकेला में बैंक कर्मचारी की आत्महत्या, काम के दबाव और टारगेट से टूटे आलोक परिहारी
सरायकेला: सरायकेला नगर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आईडीबीआई बैंक में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत 46 वर्षीय कर्मचारी आलोक परिहारी ने अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहे थे।


परिजनों के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे की है। मृतक सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकले थे। बच्चों को स्कूल पहुंचाने के बाद वह वापस लौटे और कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई।
सूचना मिलने पर सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने बैंक से जुड़े काम के दबाव और लगातार दिए जा रहे टारगेट को अपनी मानसिक स्थिति के लिए जिम्मेदार बताया है। नोट के अनुसार, वह इस दबाव को सहन नहीं कर पा रहे थे।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सुसाइड नोट की जांच के साथ-साथ बैंक प्रबंधन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


