Newsझारखण्ड

नगर परिषद चाईबासा की छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप, 24,200 रुपये का दंड वसूला  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर नगर परिषद चाईबासा द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी क्रम में शनिवार को नगर परिषद की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस अभियान में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त करते हुए कुल 24,200 रुपये का दंड वसूला गया।

छापेमारी अभियान प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारी सिद्धांत कुमार की अध्यक्षता में चलाया गया। अभियान में नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, नगर प्रबंधक लोकेश सिंह सहित सभी राजस्व पदाधिकारी मौजूद थे।

 

टीम ने नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कई दुकानों की जांच की और सिंगल यूज प्लास्टिक एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों को जब्त किया।

 

नगर परिषद की ओर से दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि भविष्य में किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें।

 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारी सिद्धांत कुमार, जो नगर परिषद चाईबासा के प्रशासक भी हैं, ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है।

 

इससे न केवल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि मानव स्वास्थ्य और जीव-जंतुओं पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है और इसके अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि चाईबासा शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जागरूकता के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है। नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

 

नगर परिषद ने आम नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें, कपड़े या कागज के थैलों का उपयोग करें और प्लास्टिक के प्रयोग से बचें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *