रोटरी क्लब चाईबासा ने लगाया 164वां मासिक रक्तदान सह जागरूकता शिविर
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा 01 फरवरी 2026 को ब्लड बैंक परिसर में लगातार 164वां मासिक रक्तदान सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।


रोटरी क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने बताया कि 01 जुलाई 2012 से मानव हित में आम लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की पहली तारीख को मासिक रक्तदान सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर स्व. हरभजन सिंह खोखर की स्मृति में आरंभ किया गया था, जो निरंतर जारी है।

इस अवसर पर 01 फरवरी को आयोजित शिविर में प्रथम रक्तदाता प्रमोद सुरीन ने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक तीन माह में रोटरी क्लब के शिविर में नियमित रूप से रक्तदान करते हैं। उनके बाद अंकित गर्ग ने अपने जीवन में दूसरी बार रक्तदान किया। दोनों रक्तदाताओं को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
रोटरी क्लब के इस शिविर में प्रत्येक तीन से चार माह में रक्तदान करने वाले महेश पंड्या सहित कुल छह रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
बताया गया कि यह शिविर खोखर परिवार द्वारा शुरुआत से ही प्रायोजित किया जा रहा है और यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन में गुरमुख सिंह खोखर, मदन लाल गुप्ता, रमेश चंद्र दत्तानी तथा ब्लड बैंक कर्मियों जयंत कुमार और करन कुमार का सराहनीय सहयोग रहा।

