चक्रधरपुर में भाजपा समर्थित डॉ विजय सिंह गागराई ने दिखाई ताकत, गाजे-बाजे के साथ भरा नामांकन
चक्रधरपुर :- नगर निकाय चुनाव की रणभेरी बजते ही चक्रधरपुर का सियासी पारा चढ़ गया है. मंगलवार को भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ विजय सिंह गागराई ने नगर अध्यक्ष पद के लिए अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने न सिर्फ अपनी उम्मीदवारी पेश की बल्कि सैकड़ों समर्थकों के साथ विशाल जुलूस निकालकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन भी किया. इससे पूर्व डाॅ विजय सिंह गागराई अपनी धर्मपत्नी के साथ अपने पैतृक गांव लोसोदिकी पहुंच कर अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेकर नामांकन के लिए चक्रधरपुर निकले. वहीं चक्रधरपुर स्थित आदिवासी मित्र मंडल में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.



सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब नामांकन प्रक्रिया के दौरान चक्रधरपुर की सड़कों पर समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा. नामांकन दाखिल करने पहुंचे डाॅ विजय सिंह गागराई के साथ चल रहे जनसैलाब ने यह साफ़ कर दिया कि इस बार मुकाबले में उनकी दावेदारी बेहद मजबूत होने वाली है. वहीं नामांकन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने डाॅ विजय सिंह गागराई को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. नामांकन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए श्री गागराई ने चक्रधरपुर के विकास को लेकर अपना विजन स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि वे केवल पद के लिए नहीं बल्कि चक्रधरपुर की जनता की सेवा के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं. डॉ विजय सिंह गागराई ने कहा की चक्रधरपुर नगर पंचायत में विकास की अपार संभावनाएं हैं, मेरा संकल्प है कि मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करूँ. शहर की साफ-सफाई ड्रेनेज सिस्टम और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करना मेरी प्राथमिकता होगी. मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पासवान, जिला महामंत्री तीर्थ जामुदा,अनुप दुबे, गौतम रबानी, संतोष सिंहदेव, अवनी महतो,खिरोद महतो, दीपक महतो, रुपेश साव, दिनेश महतो,मनोहर जोंको समेत काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे.

