नन्हे दिल को मिली नई ज़िंदगी, सफल हृदय ऑपरेशन के बाद स्वस्थ लौटा बच्चा
जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिले से राहत भरी खबर सामने आई है। मुसाबनी प्रखंड के एक पांच वर्षीय बच्चे का जन्मजात हृदय रोग का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। ऑपरेशन के बाद तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बावजूद चिकित्सकों की सतत निगरानी और बेहतर चिकित्सा प्रबंधन से बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है और सकुशल अपने घर लौट आया है।
मुसाबनी निवासी भारत कर्मकार (उम्र 5 वर्ष), पिता धनंजय कर्मकार, दिल में छेद (कंजेनिटल हार्ट डिजीज) से पीड़ित था। बच्चे का नि:शुल्क सफल हृदय ऑपरेशन श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर, खारघर (मुंबई) में किया गया। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की स्थिति को स्थिर बताते हुए उसे स्वस्थ घोषित किया।
इस संबंध में सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल ने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग से श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर, खारघर में बच्चों के जन्मजात एवं क्रॉनिक हृदय रोगों के इलाज के लिए नि:शुल्क आने-जाने, ऑपरेशन एवं संपूर्ण उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसका लाभ जिले के कई जरूरतमंद बच्चों को मिल रहा है।
बताया गया कि भारत कर्मकार की प्रारंभिक स्क्रीनिंग 4 दिसंबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुसाबनी में आरबीएसके चिकित्सक डॉ. ज्योति कुमारी द्वारा की गई थी। इसके बाद डीईआईसी, सदर अस्पताल की टीम द्वारा सिविल सर्जन के निर्देशानुसार 18 दिसंबर 2025 को बच्चे को खारघर, मुंबई भेजा गया, जहां 31 दिसंबर 2025 को उसका सफल हृदय ऑपरेशन किया गया।
मंगलवार को बच्चे की सकुशल वापसी पर जिला सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज नारायण तिवारी, एसडीएच घाटशिला के डॉ. शंकर टुडू सहित डीईआईसी टीम के सदस्यों ने बच्चे का स्वागत किया और उसके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।




