Newsझारखण्ड

अच्छी शुरुआत से ही जीत की उम्मीद, महिलाओं को प्राथमिकता मेरी पहली जिम्मेदारी: सुनील प्रसाद साव  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव ने नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कहते हैं अगर आगाज अच्छा हो तो परिणाम भी अच्छा होता है। उन्होंने कहा कि समाज और शहर को एकजुट रखना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है और इसी सोच के साथ वे चुनावी मैदान में उतरे हैं।

 

नामांकन यात्रा के दौरान महिलाओं की भारी भागीदारी को लेकर उठे सवालों पर सुनील प्रसाद साव ने स्पष्ट कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर की महिलाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि आज शहर में महिलाओं के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। अगर महिलाएं घर से बाहर निकलती हैं तो उनके लिए कुछ मिनट खड़े होना भी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि उनके लिए बैठने या रुकने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के मनोरंजन के लिए शहर में कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी महिलाओं के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए अलग और सुरक्षित बाजार की व्यवस्था भी शहर में नहीं है, जो आज की जरूरत है।

 

सुनील प्रसाद साव ने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिला तो वे सबसे पहले महिलाओं से जुड़ी इन सभी समस्याओं पर काम करेंगे। महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर का विकास तभी संभव है जब महिलाएं सुरक्षित और सशक्त महसूस करें।

 

उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां वे प्रचार के लिए जा रहे हैं, वहां माताओं-बहनों का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। यह समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यही उनकी जीत का मुख्य कारण बनेगा। सुनील प्रसाद साव ने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग से वे शहर को एक नई दिशा देने में सफल होंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *