Newsझारखण्ड

नगरपालिका चुनाव 2026 : चक्रधरपुर और चाईबासा नगर परिषद में विधिमान्य अभ्यर्थियों की सूची जारी 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के तहत संविक्षा के उपरांत विधिमान्य नाम निर्दिष्ट अभ्यर्थियों की स्थिति जारी की गई है। यह जानकारी सूचना भवन (मीडिया कोषांग) के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति संख्या 18/2026 के तहत गुरुवार को दी गई।

 

जारी विवरण के अनुसार चक्रधरपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। इनमें महिला अभ्यर्थी 1 और पुरुष अभ्यर्थी 8 शामिल हैं। वहीं वार्ड पार्षद एवं सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 01 से 23 तक कुल 88 अभ्यर्थियों के नाम विधिमान्य पाए गए हैं। इसमें महिला अभ्यर्थी 41 तथा पुरुष अभ्यर्थी 47 हैं।

 

इसी तरह चाईबासा नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 अभ्यर्थियों के नाम वैध घोषित किए गए हैं। इनमें महिला अभ्यर्थी 1 और पुरुष अभ्यर्थी 10 शामिल हैं। वार्ड पार्षद एवं सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 01 से 21 तक कुल 104 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे। इसमें महिला अभ्यर्थियों की संख्या 52 और पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या भी 52 है।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के कार्यालय द्वारा जारी इस सूची के बाद नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी माहौल और तेज हो गया है। अभ्यर्थी अपने-अपने स्तर से प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। वहीं आम मतदाताओं में भी चुनाव को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।

 

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आगामी चरणों में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *