चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों की 7 फरवरी को होगी आवश्यक बैठक
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में चाईबासा नगर परिषद (वर्ग ख) के अध्यक्ष पद हेतु नाम निर्देशन करने वाले सभी अभ्यर्थियों के साथ एक आवश्यक बैठक आयोजित की जा रही है। यह जानकारी निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर चाईबासा के कार्यालय से जारी पत्र के माध्यम से दी गई है।


निर्वाचन शाखा द्वारा जारी पत्रांक-22/निर्वा०, दिनांक 06 फरवरी 2026 के अनुसार, यह बैठक सामान्य प्रेक्षक की अध्यक्षता में दिनांक 07 फरवरी 2026 (शनिवार) को पूर्वाह्न 11:45 बजे आयोजित होगी। बैठक स्थल निर्वाची पदाधिकारी का सभा कक्ष, सदर चाईबासा निर्धारित किया गया है।
इस बैठक में अध्यक्ष पद के सभी नामांकनकर्ता अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है। बैठक का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देना एवं आगामी चुनावी गतिविधियों को सुचारू रूप से संपन्न कराना बताया गया है।
अध्यक्ष पद हेतु जिन अभ्यर्थियों को बैठक में आमंत्रित किया गया है, उनमें देवी शंकर दत्ता, अनुप कुमार सुल्तानिया, फैयाज खान, नितेश कुमार दोदराजका, सुनील प्रसाद साव, नितिन प्रकाश, रमेश खिरवाल, राधा मोहन बनर्जी, मुकेश कुमार एवं मो० सलीम शामिल हैं।
निर्वाची पदाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर बैठक में भाग लें, ताकि चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जा सके और किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सक्रिय नजर आ रहा है।

