Newsझारखण्ड

अशोक जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता: चाईबासा क्रिकेट क्लब क्वार्टर फाइनल में पहुंचा  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबले में चाईबासा क्रिकेट क्लब ने चक्रधरपुर के देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब को 47 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

 

यह मैच चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए।

 

सलामी बल्लेबाज साकेत कुमार सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर 12 चौके और 5 छक्कों की मदद से 95 रन बनाए। राहुल राज ने 33 गेंदों पर 7 चौके और 6 छक्कों के साथ 76 रनों की तेज पारी खेली। कप्तान मनु राज ने भी 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 55 रन जोड़े। देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब की ओर से ओम मंडल और विप्लव कुमार मंडल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रोहन पासवान और आदित्य कुमार यादव को एक-एक विकेट मिला।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब की टीम ने पूरे 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 206 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान ओवैस अंसारी ने 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। रोनित थापा ने 35 और आदित्य कुमार यादव ने 18 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में विप्लव कुमार मंडल और गोपी तांती ने 12-12 तथा पवन शर्मा ने 11 रन जोड़े।

 

चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से विकास रजक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 42 रन देकर 4 विकेट लिए। सत्यम सिंह को 2 विकेट मिले, जबकि पियुष त्यागी और राहुल राज को एक-एक सफलता मिली। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

इस जीत के साथ चाईबासा क्रिकेट क्लब क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला 14 फरवरी को टाउन क्लब चाईबासा और एस आर रूंगटा ग्रुप के बीच 9 फरवरी को होने वाले मैच के विजेता से होगा। प्रतियोगिता में अगला मैच कल एमसीसी चाईबासा और लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर के बीच खेला जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *