Newsझारखण्ड

नोआमुंडी में 63वां धात्विक खान सुरक्षा सप्ताह संपन्न, 203 पुरस्कारों से सम्मानित हुए प्रतिभागी  

 

नोआमुंडी(प्रकाश कुमार गुप्ता): टाटा स्टील लिमिटेड की नोआमुंडी आयरन माइन में खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में 63वां वार्षिक धात्विक खान सुरक्षा सप्ताह 2025 के चाईबासा क्षेत्र का समापन समारोह आयोजित किया गया।

 

यह समारोह नोआमुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य रूप से संपन्न हुआ।

 

समारोह में डीजीएमएस के महानिदेशक उज्ज्वल ताह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

वहीं डीजीएमएस, दक्षिण पूर्वी क्षेत्र, रांची के उप महानिदेशक श्याम सुंदर प्रसाद और टाटा स्टील लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट संदीप कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

चाईबासा क्षेत्र में सुरक्षा सप्ताह के तहत दिसंबर माह में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया था। इसमें खान निरीक्षण, एचईएमएम ऑपरेटरों की ट्रेड टेस्ट, प्राथमिक उपचार प्रतियोगिता और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम शामिल थे। क्षेत्र की कुल 38 खानों में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली का आकलन किया गया।

 

इन गतिविधियों के माध्यम से खानों में सुरक्षा के महत्व, सुरक्षित कार्य संस्कृति और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा किया गया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल 203 पुरस्कार और ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उज्ज्वल ताह ने कहा कि डीजीएमएस खनन कर्मियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। श्याम सुंदर प्रसाद ने कहा कि निरीक्षण, कार्यशालाओं और बैठकों के माध्यम से सुरक्षा जागरूकता को लगातार बढ़ाया जा रहा है।

 

संदीप कुमार ने कहा कि नोआमुंडी आयरन माइन में सतत खनन के 100 वर्ष पूरे होना टाटा स्टील के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सुरक्षा के लिए डिजिटल तकनीक, नवाचार और आधुनिक मशीनरी के उपयोग पर जोर दिया।

 

सुरक्षा सप्ताह समिति के अध्यक्ष और खान सुरक्षा निदेशक राकेश रमेश्वर मिश्रा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर डीजीएमएस के निदेशक महेश्वर रेड्डी, शंकरसना बेहेरा तथा उप निदेशक सुधीर आर, रविंद्र बोंठा और शेख मिनहाजुद्दीन भी उपस्थित रहे।

 

समारोह में पूरे क्षेत्र से करीब 600 खान श्रमिकों ने भाग लिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *