झारखंड सरकार का बड़ा कदम, मंईयां योजना की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए लोन
झारखंड की महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अब एक और मजबूत कदम उठाने जा रही है। योजना से लाभान्वित महिलाओं को अब स्वरोजगार के लिए बैंकों के माध्यम से 20 हजार रुपये तक का आसान ऋण उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।


राज्य सरकार के इस प्रस्ताव पर शनिवार को प्रोजेक्ट भवन में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने की। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक, नाबार्ड समेत विभिन्न राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान सरकार और बैंकों के बीच योजना के क्रियान्वयन को लेकर सैद्धांतिक सहमति बनी है।
प्रस्तावित योजना को मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा जाएगा, जिसके तहत महिलाओं को मिलने वाली 2,500 रुपये की मासिक सहायता राशि को आधार बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि महिलाएं छोटे व्यवसाय शुरू कर अपनी आय बढ़ा सकें।
सूत्रों के अनुसार, इस योजना को आगामी बजट में शामिल किया जा सकता है और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को औपचारिक रूप से लॉन्च करने का प्रस्ताव है। योजना का संभावित नाम मुख्यमंत्री मंईयां उद्यम योजना हो सकता है।
झारखंड में महिला सशक्तिकरण की दिशा में इसे एक अहम पहल माना जा रहा है।

