Newsझारखण्ड

खूंटी में लूट की कोशिश नाकाम, मेला देखकर लौट रहे युवक पर फायरिंग

झारखंड के खूंटी जिले में अपराधियों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन युवक की सूझबूझ से यह प्रयास नाकाम हो गया। मुरहू थाना क्षेत्र में मेला देखकर लौट रहे एक युवक पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना रविवार रात की बताई जा रही है। गुरमी गांव निवासी विश्वनाथ महतो मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे पहले से घात लगाए चार सशस्त्र अपराधियों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। बदमाश सड़क पर वाहन रोककर लूटपाट करने की फिराक में थे।

स्थिति को भांपते हुए विश्वनाथ महतो ने वाहन नहीं रोका और तेजी से वहां से निकलने का प्रयास किया। इससे नाराज अपराधियों ने पीछे से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी जांघ में लगी, जो आर-पार हो गई। घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाई और किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है और गश्त बढ़ा दी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *