गोपनीय सूचना पर बड़ी कार्रवाई, गुमला पुलिस ने 3 को दबोचा
गुमला जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गुमला पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई कर नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।


सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार करमाली ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने घरहाटोली से कोटा जाने वाली सड़क पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया गया। मौके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से की जा रही थी। मामले की जांच लगातार जारी है।
थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो पुलिस को गोपनीय रूप से सूचित करें। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

