Newsझारखण्ड

नगर निकाय चुनाव: कांग्रेस समर्थन प्रत्याशी राधा मोहन बनर्जी ने वार्ड 10 और 11 में चलाया जनसंपर्क अभियान  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी पूरी तरह से तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के सभी उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी के समर्थन में भी चुनाव प्रचार को तेज करते हुए जनसंपर्क अभियान, प्रचार वाहन और वार्ड स्तर पर बैठकों की शुरुआत कर दी है।

इसी क्रम में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राधा मोहन बनर्जी ने चाईबासा के वार्ड संख्या 10 और 11 में जनसंपर्क अभियान चलाया।

 

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान को लेकर अपनी बात रखी। जनसंपर्क के साथ-साथ वार्डों में बैठकों का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

बैठकों को संबोधित करते हुए राधा मोहन बनर्जी ने अपने विजन को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए रोजगार, स्वास्थ्य व्यवस्था और जल संरक्षण जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से रोजगार सृजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और जोड़ा तालाब के जीर्णोद्धार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तालाबों के पुनर्जीवन से न केवल जल संकट दूर होगा, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बेहतर होगा।

 

राधा मोहन बनर्जी ने कहा कि नगर के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना जरूरी है और जनता के सहयोग से ही शहर को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो वे नगर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगे।

 

इस जनसंपर्क अभियान के दौरान राधा मोहन बनर्जी के साथ सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष समर्थक मौजूद थे। समर्थकों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और भी गति पकड़ने की संभावना है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *