आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 6 में सनातन पाल का जनसंपर्क अभियान तेज, घर-घर जाकर मांगा समर्थन
आदित्यपुर: नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 6 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में वार्ड 6 के प्रत्याशी सनातन पाल ने व्यापक डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन्होंने वार्ड की माताओं, बुजुर्गों, बहनों और युवाओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और समर्थन मांगा।


जनसंपर्क के दौरान सनातन पाल ने जीत के बाद वार्ड के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड 6 को एक आदर्श और सुव्यवस्थित वार्ड बनाना है। मूलभूत सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
इस मौके पर सनातन पाल ने कहा, “वार्ड 6 मेरा परिवार है। मैं पहले भी इस परिवार के साथ खड़ा था और आगे भी हमेशा खड़ा रहूँगा। यह सिर्फ चुनाव का समय नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी निभाने का समय है। ईश्वर ने मुझे जो भी दिया है, वह आप सभी के आशीर्वाद से मिला है, इसलिए मैं लोगों की मदद करना अपना कर्तव्य समझता हूँ।”
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। कई स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ उनका स्वागत किया।
जनसंपर्क अभियान में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी सक्रिय भागीदारी देखी गई। वार्ड 6 में सनातन पाल के अभियान को लेकर उत्साह और सकारात्मक माहौल नजर आया।

