रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
रांची: राजधानी रांची के समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना के तुरंत बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया।


बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीम ने समाहरणालय परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनज़र परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी गई।
हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन जांच जारी है। साइबर सेल की टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

