जगन्नाथपुर प्रखंड और साप्ताहिक हाट में ‘जस्टिस ऑन व्हील्स’ के जरिए चलाया गया विधिक जागरूकता अभियान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय परिसर और साप्ताहिक हाट क्षेत्र में विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला एवं प्रधान सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन और प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी के नेतृत्व में मोबाइल वाहन “जस्टिस ऑन व्हील्स” के माध्यम से संचालित किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय परिसर से हुई। इस दौरान अंचल पदाधिकारी, जगन्नाथपुर ने मोबाइल वाहन के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद “जस्टिस ऑन व्हील्स” वैन साप्ताहिक हाट पहुंची, जहां आम लोगों को लोक अदालत, विवादों के समाधान में मध्यस्थता के लाभ और प्राधिकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान कुल 12 आवेदन प्राप्त किए गए, जिन्हें विधिवत डायरी में दर्ज किया गया। मोबाइल वाहन में मौजूद अधिवक्ता अनीश अहमद ने जरूरतमंद लोगों को कानूनी परामर्श प्रदान किया।
अभियान को सफल बनाने में पीएलवी उमर सादिक, लक्ष्मी सिंकू, प्रमिला पात्रा और मदन किशोर निषाद की सक्रिय भूमिका रही। प्राधिकार द्वारा जिले के सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों में “जस्टिस ऑन व्हील्स” के माध्यम से न्याय संबंधी सेवाएं लोगों तक पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।

